प्रतापगढ़ में फर्जी एंटी करप्शन अधिकारी गिरफ्तार, आईडी कार्ड और सील बरामद
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की थाना कोतवाली नगर पुलिस ने खुद को एंटी करप्शन अधिकारी बताकर कथित रूप से फर्जी पहचान पत्र और सील का इस्तेमाल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की थाना कोतवाली नगर पुलिस ने खुद को एंटी करप्शन अधिकारी बताकर कथित रूप से फर्जी पहचान पत्र और सील का इस्तेमाल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों से धन उगाही करने और अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी कोतवाली नगर सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को गाजी चौराहा पर एक व्यक्ति के स्वयं को एंटी करप्शन अधिकारी बताकर फर्जी आईडी कार्ड और सील का प्रयोग करने की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धीरज कुमार पुत्र श्याम लाल, निवासी घरहिया पोस्ट अमरगढ़, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़, उम्र करीब 22 वर्ष को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से फर्जी एंटी करप्शन ब्यूरो का आईडी कार्ड, फर्जी एंटी करप्शन ब्यूरो की सील, एक मोबाइल फोन और ₹390 नकद बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।




