मुजफ्फरनगर: ₹928 का सिलेंडर ₹960 में बेचने पर हंगामा, विरोध करने पर अधिवक्ता को दिखाई चप्पल; वीडियो वायरल

उप्र के मुजफ्फरनगर ​जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामलीला टीला चौकी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर: ₹928 का सिलेंडर ₹960 में बेचने पर हंगामा, विरोध करने पर अधिवक्ता को दिखाई चप्पल; वीडियो वायरल
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर ​जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामलीला टीला चौकी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है।

सरकारी नियमों को ताक पर रखकर अधिक दाम वसूलने का विरोध करने पर गैस सप्लायर के परिजनों ने ग्राहक के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, रामलीला टीला निवासी अधिवक्ता नितिन सैनी ने 'श्री प्रभु गैस एजेंसी' के डीलर कमल (गैस सप्लायर) के यहां से सिलेंडर लिया था।

सरकार द्वारा निर्धारित सिलेंडर की कीमत 928 है, लेकिन आरोप है कि सप्लायर द्वारा उनसे 960 की मांग की गई।​जब अधिवक्ता नितिन सैनी ने इस अतिरिक्त वसूली का विरोध किया और सरकारी रेट पर भुगतान करने की बात कही, तो मामला गरमा गया।

​सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान गैस सप्लायर की पत्नी अपना आपा खो बैठीं। उन्होंने न केवल अधिवक्ता के साथ बदतमीजी की, बल्कि हाथ में चप्पल उठाकर उन पर हमलावर होने का प्रयास भी किया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और सप्लायर पक्ष की ओर से उग्र व्यवहार साफ दिखाई दे रहा है।

​स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में गैस सप्लायर द्वारा अक्सर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूले जाते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें इसी तरह के दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ता के साथ हुई इस घटना ने अब इस मुद्दे को और हवा दे दी है।

​पुलिस और प्रशासन की भूमिका

​वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों में रोष है। लोग मांग कर रहे हैं कि जिला प्रशासन और रसद विभाग (Supply Department) इस मामले का संज्ञान ले और अवैध वसूली करने वाले गैस सप्लायर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।