उरई: जनसुनवाई में प्रशासन की संवेदनशील पहल, 77 वर्षीय महिला को आयुष्मान कार्ड व श्रवण यंत्र उपलब्ध

उप्र के उरई जनपद में सुशासन की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़कर दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना।

उरई: जनसुनवाई में प्रशासन की संवेदनशील पहल, 77 वर्षीय महिला को आयुष्मान कार्ड व श्रवण यंत्र उपलब्ध
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में सुशासन की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने कार्यालय कक्ष से सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़कर दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना।

उन्होंने  निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्ता परक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। जनसुनवाई के दौरान 77 वर्षीय कैलासी देवी को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने उन्हें अवगत कराया कि इस योजना के तहत प्रधानमंत्री द्वारा प्रति परिवार प्रति वर्ष 05 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार देश के सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध है। कम सुनाई देने की समस्या से जूझ रही वृद्धा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने रेड क्रॉस मद से तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई।

इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान ब्लॉक रामपुरा के ग्राम मलहांनपुरा निवासी 65 वर्षीय सोमवती ने अपनी आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए योजनाओं से वंचित होने की बात कही। जांच में पाया गया कि उन्हें पेंशन एवं आयुष्मान योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है, परंतु शौचालय एवं आवास की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए तथा खंड विकास अधिकारी को सर्वे कर पात्र पाए जाने पर मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। सभी अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यशैली अपनाएं।