रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे अयोध्या, रामलला व हनुमानगढ़ी का किया दर्शन पूजन
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज राम नगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में गुरु पर्व महोत्सव में हिस्सा लिया एवं रामलला व हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन किया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज राम नगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में गुरु पर्व महोत्सव में हिस्सा लिया एवं रामलला व हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ दोबारा सरकार बनाते हैं तो वह प्रदेश के सभी विद्यालयों में वैदिक गणित पढ़ाने का आग्रह करेंगे।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार के संरक्षण में शासन व्यवस्था और सनातन व्यवस्था दोनों उत्कर्ष को प्राप्त कर रही हैं। अयोध्या पहुंचने पर राजनाथ सिंह ने हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
उदासीन आश्रम में संतों ने राजनाथ सिंह का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। राजनाथ सिंह ने अयोध्या को केवल भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र बताया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अयोध्या की धरती को पवित्र किया और यहां से धर्म, न्याय और मर्यादा का संदेश पूरी दुनिया में पहुंचा। श्री नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन को देखकर राजनाथ सिंह ने प्रसन्नता जताई।
आचार संहिता के कारण वह भवन का उद्घाटन नहीं कर सके। राम मंदिर आंदोलन में संतों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संतों ने जेल की यातनाएं सहीं और बलिदान दिए, इसलिए उनके त्याग को हमेशा याद किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने संस्कृत को देव भाषा और आध्यात्म की भाषा बताते हुए वैदिक गणित की विशेषता बताई और कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में भी वैदिक गणित पढ़ाई जाती है।



