उरई: रामकुंड तालाब पर छठ पूजा की तैयारियां शुरू, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दुरुस्त हुईं व्यवस्थाएं

उप्र के उरई जनपद में आगामी छठ पूजा पर्व को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए रामकुंड तालाब पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उरई: रामकुंड तालाब पर छठ पूजा की तैयारियां शुरू, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दुरुस्त हुईं व्यवस्थाएं
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में आगामी छठ पूजा पर्व को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए रामकुंड तालाब पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद उरई द्वारा पूजा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं, जिससे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

तैयारियों के तहत रामकुंड तालाब एवं उसके आसपास विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है। तालाब में जमा गंदगी, जलकुंभी एवं अन्य अपशिष्ट हटाने के साथ ही घाट परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर हाईमास्ट लाइट तथा आवागमन के मार्गों को सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इसके साथ ही पूजा स्थल पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, पेयजल की उपलब्धता, एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

नगर पालिका उरई द्वारा पूजा स्थल की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक वातावरण में छठ पूजा संपन्न कर सकें।