तीन माह से वेतन न मिलने पर आशा बहुओं में आक्रोश, डीएम से लगाई गुहार

आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगी। वहीं प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

तीन माह से वेतन न मिलने पर आशा बहुओं में आक्रोश, डीएम से लगाई गुहार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद में आशा बहुओं को पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। वेतन भुगतान न होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जल्द भुगतान कराए जाने की मांग की है।

बताया गया कि इससे पहले भी आशा बहुओं ने वेतन न मिलने के विरोध में 56 दिनों तक सीएमओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया था। उस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा कुछ भुगतान किए जाने के साथ शेष वेतन जल्द दिलाने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया था।

आशा बहुओं का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक उन्हें पूर्ण वेतन नहीं मिल सका है। लगातार तीन माह से भुगतान लंबित होने के कारण करीब 1650 आशा कार्यकर्ताओं की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

आक्रोशित आशाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी कराने की मांग की।

आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगी। वहीं प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।