“इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026 – हाथरस चैप्टर” में 70 से अधिक शिक्षकों का सम्मान

शिक्षकों के सम्मान में शारदा यूनिवर्सिटी आगरा द्वारा “इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026 – हाथरस चैप्टर” का भव्य आयोजन किया गया।

“इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026 – हाथरस चैप्टर” में 70 से अधिक शिक्षकों का सम्मान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —

हाथरस/जनमत न्यूज। जनपद हाथरस में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में शारदा यूनिवर्सिटी आगरा द्वारा “इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026 – हाथरस चैप्टर” का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में जिले के 25 से अधिक विद्यालयों से आए 70 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम शिक्षा उत्कृष्टता और शैक्षिक नेतृत्व के उत्सव के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों के पंजीकरण और स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश शर्मा (सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर हाथरस एवं प्रधानाचार्य सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल) रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जे के अग्रवाल (हेड, दून पब्लिक स्कूल) की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. संजय मिश्रा और डायरेक्टर आउटरीच साईबल चटर्जी ने शिक्षकों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।

इस अवसर पर आउटरीच कार्यों का नेतृत्व कर रहे आतिफ सिद्दीकी ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे निर्माता होते हैं, जो ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं। ऐसे समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करना गर्व की बात है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में नितिन भार्गव, रमेश और सुमित शर्मा का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी के गुप्ता, प्रो-कुलाधिपति वाई के गुप्ता तथा कुलपति डॉ. परमानन्द ने पूरी आयोजन टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।