50 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
आरोपी सोनू यादव पर एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश सोनू यादव के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी सोनू यादव पर एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चौफेरवा NTPC पावर हाउस के पास जंगल में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा भी बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पर पहले से ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने मुठभेड़ को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
