पारिवारिक कलह से परेशान सिपाही ने किया आत्महत्या का प्रयास, साथी पुलिसकर्मी की सतर्कता से बची जान

घटना से कुछ समय पहले उनकी पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में आ गए।

पारिवारिक कलह से परेशान सिपाही ने किया आत्महत्या का प्रयास, साथी पुलिसकर्मी की सतर्कता से बची जान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। रायबरेली पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही द्वारा पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। समय रहते साथी पुलिसकर्मी की सतर्कता से सिपाही की जान बच गई। घायल सिपाही का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार आत्महत्या का प्रयास करने वाले सिपाही की पहचान संदीप सिंह पुत्र रनवीर सिंह निवासी जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रायबरेली पुलिस लाइन में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले उनकी पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में आ गए।

तनावग्रस्त सिपाही ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसी दौरान पास में रहने वाले एक पड़ोसी सिपाही को कुछ संदेह हुआ। वह तत्काल मौके पर पहुंचा और कमरे के अंदर का दृश्य देखकर हतप्रभ रह गया। उसने बिना देर किए फंदे से लटक रहे संदीप को नीचे उतारा और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर हालत में सिपाही को रायबरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उनकी जान बच गई।

घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं और सिपाही की काउंसलिंग कराने की तैयारी की जा रही है।