सहारनपुर में STF मेरठ की बड़ी कार्रवाई, हथियार तस्करी से जुड़े 3 आरोपी गिरफ्तार; बड़ी संख्या में हथियार बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ मेरठ की टीम ने हथियारों की तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार और 12 बोर के 425 कारतूस बरामद किए हैं।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ मेरठ की टीम ने हथियारों की तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार और 12 बोर के 425 कारतूस बरामद किए हैं।
इसके अलावा एक तलवार, दो मोबाइल फोन और ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई।
एसटीएफ टीम गुरुवार तड़के करीब चार बजे मिर्जापुर क्षेत्र में पहुंची थी। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान टीम ने तीन लोगों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम निवासी मोहल्ला पिलखनतला, चंडीगढ़ पैलेस, थाना मंडी, सहारनपुर, इकराम निवासी गांव बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना और दानिश निवासी कस्बा नकुड़, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक पंप एक्शन 12 बोर, दो 12 बोर बंदूक, एक 315 बोर बंदूक, तीन एयर गन और एक 12 बोर तमंचा बरामद किया गया। इसके साथ ही 12 बोर के 425 कारतूस, एक तलवार, दो मोबाइल फोन और एक ब्लैक स्कॉर्पियो भी बरामद हुई है।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस आरोपियों तक कहां से पहुंचे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। बरामद मोबाइल फोन और सोशल मीडिया संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पंजाब के कुछ लोगों और संगठनों से संपर्क होने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। पड़ोसी देश से जुड़े कुछ संगठनों के संपर्क की जानकारी भी जांच में सामने आने की बात कही गई है।
हालांकि इन संपर्कों की वास्तविक भूमिका और हथियारों की सप्लाई से उनका संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। एसटीएफ यह भी जांच कर रही है कि हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क केवल सहारनपुर तक सीमित था या इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ, मोबाइल फोन की जांच और बरामद हथियारों के स्रोत के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



