चहनियां बाजार में जमीनी विवाद को लेकर बिल्डिंग व्यवसायी पर हमला, व्यापारियों में रोष
व्यापारियों का आरोप है कि बाजार के बीच दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चन्दौली / जनमत न्यूज। जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां बाजार में जमीनी विवाद को लेकर बीच बाजार दबंगों द्वारा एक बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय व्यवसायी संजय सिंह पर कुछ लोगों ने जमीनी विवाद को लेकर अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि हमलावर धानापुर थाना क्षेत्र के नेदिलपुर गांव निवासी हैं। पीड़ित संजय सिंह ने घटना के बाद स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया है। व्यापारियों का आरोप है कि बाजार के बीच दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही। तहरीर दिए जाने के करीब 20 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर बताए जा रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल कायम रह सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Janmat News 
