एटा के जसरथपुर में पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल शातिर बदमाश गिरफ्तार
उप्र के एटा जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसरथपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसरथपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात जसरथपुर थाना पुलिस ग्राम हरिसिंहपुर/कुंवरपुर मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस टीम की ओर आता दिखा।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। भागने के प्रयास में बदमाश की बाइक कच्ची मिट्टी में फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान रफीक बंजारा पुत्र मीर खाँ निवासी ग्राम देवरई, थाना कुरावली, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई। उसका वर्तमान पता छबीलेपुर, थाना बेवर, जनपद मैनपुरी है।
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक महिला से लूटे गए पीली धातु के कुंडल (एक जोड़ी) और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी रफीक ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी अरमान के साथ मिलकर जसरथपुर थाना क्षेत्र के सूरजपुरा तिराहे के पास एक महिला से कुंडल छीने थे।
उसने जैथरा थाना क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर बैग लूटने का प्रयास किया था। इन दोनों मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी रफीक लंबे समय से छीना-झपटी और लूट की वारदातों में सक्रिय था। पुलिस अब उसके फरार साथी अरमान की तलाश में दबिश दे रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना जसरथपुर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय सिंह, स्वाट प्रभारी श्रवण कुमार निगम और सर्विलांस प्रभारी सुशील लाम्बा अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
