मथुरा: मंडी समिति में आढ़तियों पर हमला, तीन घायल; वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया संज्ञान
उप्र के मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित मंडी समिति में शुक्रवार को दबंगई का एक मामला सामने आया। यहां हबीब एंड कंपनी की आढ़त पर करीब एक दर्जन लोगों ने धावा बोलकर तीन आढ़तियों को बुरी तरह पीटा।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित मंडी समिति में शुक्रवार को दबंगई का एक मामला सामने आया। यहां हबीब एंड कंपनी की आढ़त पर करीब एक दर्जन लोगों ने धावा बोलकर तीन आढ़तियों को बुरी तरह पीटा।
हमले में जाकिर, फैजान और जुनैद घायल हुए हैं। इनमें जाकिर की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पेप्सी नाम के एक व्यक्ति पर फल-सब्जी के पैसे बकाया थे। आढ़ती जाकिर ने जब उससे रुपये मांगे तो पेप्सी भड़क गया। आरोप है कि उसने फोन कर एक दर्जन से ज्यादा लोगों को मौके पर बुला लिया।
इसके बाद सभी ने मिलकर आढ़त पर हंगामा किया और जाकिर, जुनैद और फैजान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मंडी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के व्यापारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुके।
पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कई लोग मिलकर तीनों आढ़तियों को पीट रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। घायलों की तहरीर पर पेप्सी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मंडी में आए दिन दबंगों की गुंडागर्दी बढ़ रही है, जिससे कारोबार करना मुश्किल हो गया है।


