औरैया में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 2.45 लाख जुर्माना

अभियान के दौरान कुल 16 डम्परों की जांच की गई, जिनमें से 4 डम्पर अवैध खनिज परिवहन में लिप्त पाए गए।

औरैया में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 2.45 लाख जुर्माना
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी सदर के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान कुल 16 डम्परों की जांच की गई, जिनमें से 4 डम्पर अवैध खनिज परिवहन में लिप्त पाए गए। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने और नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पकड़े गए डम्परों से कुल 2.45 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

चेकिंग के दौरान कुछ लोगों द्वारा कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश भी की गई, हालांकि प्रशासनिक टीम ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और अभियान को जारी रखा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।