मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 आरोपी गिरफ्तार
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में सक्रिय रूप से लिप्त थे।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद हुआ है। बरामदगी में 1 पिस्टल, 5 तमंचे, 9 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन और ₹4000 नकद शामिल हैं। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे और क्षेत्र में हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। उनसे यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि ये हथियार कहां से लाए जाते थे और किन-किन लोगों को सप्लाई किए जाते थे।
कोतवाली नगर पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
साथ ही, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वे पहले किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके और आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Janmat News 
