बलरामपुर: कोडीन सिरप कांड में फरार अमन मेडिकल की प्रोपराइटर के खिलाफ फरारी की मुनादी, नोटिस चस्पा
नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ उप्र की बलरामपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
तुलसीपुर (बलरामपुर)/जनमत न्यूज़। नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ उप्र की बलरामपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही अमन मेडिकल एजेंसी की प्रोपराइटर संगीता गुप्ता की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पुलिस ने सोमवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपी के विरुद्ध धारा 82 (सीआरपीसी) के तहत फरारी की उद्घोषणा जारी कर सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
बीते दिनों बलरामपुर जनपद की तुलसीपुर पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया था, जिसके तार अमन मेडिकल एजेंसी से जुड़े पाए गए थे।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन मुख्य आरोपी संगीता गुप्ता लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस और न्यायालय से नदारद चल रही हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा हुआ नोटिस
पुलिस टीम ने आज तुलसीपुर मुख्य बाजार, बिजली के खंभों और आरोपी के संभावित ठिकानों पर 'चस्पा नोटिस' लगाकर क्षेत्र में मुनादी कराई। इस कार्रवाई से स्थानीय दवा व्यापारियों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध कर छिपने वालों के लिए कानून में कोई जगह नहीं है।
अगली कार्रवाई कुर्की की
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करती हैं, तो प्रशासन धारा 83 के तहत उनकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की (Seizure) की प्रक्रिया शुरू करेगा। वर्तमान में पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। प्रशासन के इस सख्त रुख ने साफ कर दिया है कि जिले में नशीली दवाओं के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

Janmat News 
