प्रतापगढ़: बारिश में जर्जर दीवार गिरने से महिला की मौत, खेत से लौटते समय हुआ हादसा

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में अंतू थाना क्षेत्र के गौराडाड नेवादा गांव में बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे बारिश के कारण जर्जर दीवार गिर गई। खेत से लौट रहीं 50 वर्षीय मीता देवी इसकी चपेट में आ गईं। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रतापगढ़: बारिश में जर्जर दीवार गिरने से महिला की मौत, खेत से लौटते समय हुआ हादसा
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट 

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में अंतू थाना क्षेत्र के गौराडाड नेवादा गांव में बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे बारिश के कारण जर्जर दीवार गिर गई। खेत से लौट रहीं 50 वर्षीय मीता देवी इसकी चपेट में आ गईं। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मीता देवी सुबह खेत देखकर वापस घर लौट रही थीं। वह अपने घर से करीब 50 मीटर पहले पहुंची थीं, तभी अचानक जर्जर दीवार उनके ऊपर गिर गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया। बुधवार शाम करीब 5 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नवंबर में होनी थी बेटी की शादी मीता देवी के पति सतीराम शहर में मजदूरी करते हैं।

परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी की शादी नवंबर में तय थी। हादसे में मीता देवी की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। अंतू थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।