हरदोई: भैंस के विवाद में खूनी खेल, बुजुर्ग की पीटने से मौत; पुलिस हिरासत में तीन आरोपी
उप्र के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के मजरा कुंवरपुर में आज गुरुवार दोपहर जमीनी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र के मजरा कुंवरपुर में आज गुरुवार दोपहर जमीनी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
विवाद की तात्कालिक वजह एक भैंस का विवादित जमीन पर जाना बताया जा रहा है। इस खूनी संघर्ष में चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी राधेश्याम और उनके पड़ोसियों अखिलेश, अवधेश, बृजेश व मंजेश के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। गुरुवार को राधेश्याम की भैंस चरते हुए विवादित जमीन पर चली गई।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से राधे श्याम पर हमला बोल दिया।
मृतक के बेटे संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों ने उनके पिता को घेरकर तब तक पीटा जब तक वे लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए परिवार के चार अन्य सदस्य भी इस हमले में घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में राधे श्याम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया वहीं अन्य घायलों का इलाज सीएचसी शाहाबाद में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीओ शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों मंजेश, बृजेश और अखिलेश को हिरासत में ले लिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।


