रायबरेली: चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो शातिर चोर सहित सर्राफा व्यवसायी गिरफ्तार
उप्र के रायबरेली में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने शातिर चोर सूरज कश्यप और अल्ताफ को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त रामजी सोनी, सर्राफा व्यवसायी निवासी लोधवारी, थाना डीह, को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि सूरज कश्यप और अल्ताफ चोरी के बाद सोने-चांदी के जेवरात रामजी सोनी की दुकान पर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत पाँच लाख रुपये से अधिक का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों चोरों ने 30 दिसंबर को शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी मुकेशचन्द्र पांडे के बंद घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Janmat News 
