प्रतापगढ़: नकली सोने का लालच देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार, 'नकली' सोने के बिस्किट सहित कई सामान बरामद
प्रतापगढ़ पुलिस ने 'नकली सोने' का लालच देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने जौनपुर निवासी राजन मिश्रा (38) को पकड़ा है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस ने 'नकली सोने' का लालच देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने जौनपुर निवासी राजन मिश्रा (38) को पकड़ा है।
उसके पास से बड़ी मात्रा में आभूषण, नकदी और फर्जी नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर हुई कार्रवाई में इस गिरोह के ठगी के तरीके का खुलासा हुआ।
आरोपी महिलाओं को पीली धातु का टुकड़ा 'सोने का बिस्किट' बताकर देता था और बदले में उनके असली जेवरात लेकर फरार हो जाता था। 13 जनवरी को अमरगढ़ में एक महिला के साथ हुई ठगी के बाद से पुलिस इस गिरोह की तलाश कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपी राजन मिश्रा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों (मछली शहर निवासी) के साथ मिलकर फूलपुर, सहसो, मछली शहर और प्रतापगढ़ में कई ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
गिरफ्तारी के समय आरोपी लूटे गए माल के बंटवारे के लिए जौनपुर के राजा बाजार जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी के कई सामान बरामद किए हैं। इनमें 4 जोड़ी पायल, 4 मंगलसूत्र, 2 अंगूठी, 4 कान के झाले और 4 नाक की कील शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, ठगी में इस्तेमाल किया गया पीली धातु का कटा हुआ 'नकली' सोने का बिस्किट, एक फर्जी नंबर प्लेट, 2160 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सचिन पटेल, हेड कांस्टेबल भानू सिंह और महिला कांस्टेबल आरती मौर्या की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोलनापुर मोड़ के पास से राजन मिश्रा को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस गिरोह के फरार दो अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Janmat News 
