मैनपुरी: पुलिस की मिलीभगत से खुलेआम बिक रहा गांजा, स्थानीय लोगों में आक्रोश
उप्र के मैनपुरी शहर में पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम गांजे की बिक्री होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि थाना कोतवाली क्षेत्र के नगरपालिका के पास स्थित समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर कार्यालय के आसपास लंबे समय से गांजा बेचा जा रहा है।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उप्र के मैनपुरी शहर में पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम गांजे की बिक्री होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि थाना कोतवाली क्षेत्र के नगरपालिका के पास स्थित समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर कार्यालय के आसपास लंबे समय से गांजा बेचा जा रहा है।
लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार को पुलिस चौकी की मिलीभगत से संचालित किया जा रहा है, जिसके चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार गांजे का सेवन करने वालों में ज्यादातर युवा शामिल हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। लोगों का कहना है कि नशे की वजह से आए दिन विवाद और झगड़े की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कुछ दिन पूर्व इसी गांजे के अड्डे पर जमकर मारपीट और पथराव भी हुआ था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध गांजा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आती चली जाएगी और कानून व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है।


