चंदौली में तेज रफ्तार एंबुलेंस का कहर, बाइक सवार को टक्कर मार दुकानों में घुसी, कई घायल

एंबुलेंस बनारस से मरीज छोड़कर बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान शंकर मोड़ के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया।

चंदौली में तेज रफ्तार एंबुलेंस का कहर, बाइक सवार को टक्कर मार दुकानों में घुसी, कई घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चंदौली/जनमत न्यूज। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने दर्दनाक सड़क हादसे को जन्म दे दिया। एंबुलेंस ने पहले एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। दुर्घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस बनारस से मरीज छोड़कर बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान शंकर मोड़ के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर सुचारु रूप से बहाल कराया।