एटा में रोडवेज बस और मोरंग लदे ट्रक की टक्कर, पुल से नीचे गिरे वाहन; डेढ़ दर्जन घायल

पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एटा में रोडवेज बस और मोरंग लदे ट्रक की टक्कर, पुल से नीचे गिरे वाहन; डेढ़ दर्जन घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। जनपद एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित रेलवे पुल पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां दिल्ली की ओर से आ रही सवारियों से भरी रोडवेज बस और मोरंग से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि इस हादसे में बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई और सभी को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के दौरान बस में महिलाएं और छोटे बच्चे भी सवार थे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी एवं बस यात्री सुधीर (निवासी बल्लभगढ़) ने बताया कि वह आनंद विहार से हरदोई-फर्रुखाबाद जा रही बस में सवार थे। एटा के रेलवे पुल पर बस और सामने से आ रहे ट्रक दोनों तेज गति में थे, जिससे आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस एक ओर और ट्रक दूसरी ओर पुल से नीचे गिर गया।

पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं घायलों के परिजनों में चिंता बनी हुई है।