सहारनपुर: गंगोह की बड़ी मस्जिद के मीनार पर गिरी आकाशीय बिजली, जोरदार धमाके से मची हलचल
उप्र के सहारनपुर जनपद के कस्बा गंगोह में आज सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी मस्जिद को भारी नुकसान पहुंचा। मोहल्ला गुजरान स्थित बड़ी मस्जिद के मीनार पर बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ।
सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के कस्बा गंगोह में आज सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी मस्जिद को भारी नुकसान पहुंचा। मोहल्ला गुजरान स्थित बड़ी मस्जिद के मीनार पर बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ।
धमाके की आवाज से इलाके में हलचल मच गई। घटना में मस्जिद के विद्युत उपकरण जल गए, जबकि मीनार का कुछ हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली ने मस्जिद के मीनार को अपनी चपेट में ले लिया। बिजली का प्रहार इतना तेज था कि मस्जिद में लगे इनवर्टर, बिजली चेंजर, लाइट फिटिंग समेत कई विद्युत उपकरण फुंक गए। वहीं, मीनार का कुछ हिस्सा टूटकर मलबे के रूप में कई फुट दूर जा गिरा।
घटना के बाद मस्जिद में हुए नुकसान को देखकर लोग हैरान रह गए।मस्जिद से जुड़े मुफ्ती फाजिल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण मस्जिद में लगे बिजली के उपकरणों को काफी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि बिजली गिरने का असर मीनार पर भी पड़ा, जिससे उसका कुछ हिस्सा टूट गया।सुबह के समय हुई इस घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में इसकी चर्चा होने लगी। लोग मस्जिद में हुए नुकसान को देखने और घटना के बारे में जानकारी लेने लगे।
मीनार से टूटकर दूर गिरे मलबे और विद्युत उपकरणों के जलने से बिजली गिरने की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। यदि घटना के समय आसपास लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।



