सहारनपुर: देवबंद में लापता बच्चे की बरामदगी के लिए एसएसपी से गुहार, नौ महीने पहले हुआ था गायब
उप्र के सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र के गांव बन्हेड़ा खास से करीब नौ महीने से लापता बच्चे की बरामदगी को लेकर परिजनों ने अब सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र के गांव बन्हेड़ा खास से करीब नौ महीने से लापता बच्चे की बरामदगी को लेकर परिजनों ने अब सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
गांव निवासी शराफत ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके भतीजे आहद पुत्र शराफत के लापता होने के संबंध में थाना देवबंद में 20 नवंबर 2025 को मुकदमा दर्ज कराया गया था।
परिजनों के अनुसार, विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर कुछ लोगों के नाम सामने आए। आरोप है कि 24 जून 2026 को गांव में हुई एक बैठक में कुछ लोगों ने कथित तौर पर बच्चे आहद को नईम और कामिल द्वारा कहीं बेच दिए जाने की बात कही थी।
साथ ही बच्चे को आठ दिन के भीतर बरामद कराने की बात भी कही गई थी।शिकायतकर्ता का कहना है कि समय बीतने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने बताया कि मामले से जुड़े गवाह शपथ पत्र देने के लिए भी तैयार हैं।
एसएसपी से मांग की गई है कि मामले में सीसीटीवी फुटेज, संबंधित लोगों के मोबाइल की लोकेशन, सीडीआर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए लापता बच्चे आहद को जल्द बरामद कराया जाए।







