रायबरेली: निजी अस्पताल की लापरवाही से युवक की मौत, गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

रायबरेली शहर के जेल रोड स्थित अवध हॉस्पिटल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। किडनी की पथरी के इलाज के लिए भर्ती किए गए 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों का सब्र टूट गया।

रायबरेली: निजी अस्पताल की लापरवाही से युवक की मौत, गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली /जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के रायबरेली शहर के जेल रोड स्थित अवध हॉस्पिटल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। किडनी की पथरी के इलाज के लिए भर्ती किए गए 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों का सब्र टूट गया।

इलाज के नाम पर मौत मिलने से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। मृतक दीपक गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता, निवासी मोहम्मदपुर कुचरिया को साधारण बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की घोर लापरवाही ने उसकी जान ले ली।

मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी ने गुस्से को और भड़का दिया। आक्रोश इस कदर बढ़ा कि मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। रोडवेज बसों सहित भारी वाहन जाम में फंसे रहे और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

अस्पताल के बाहर हालात तनावपूर्ण बने रहे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्षेत्राधिकारी अरुण नौहार ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।