कांवड़ यात्रा में मुजफ्फरनगर प्रशासन की व्यवस्थाओं की गूंज, शिवभक्त ने की DM व SSP की सराहना
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे एक शिवभक्त ने उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की खुले दिल से प्रशंसा की।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे एक शिवभक्त ने उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की खुले दिल से प्रशंसा की।
शिवभक्त ने कहा कि मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं तथा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं, जिससे पूरी यात्रा बेहद सुगम और सुरक्षित महसूस हुई।
शिवभक्त ने बताया कि वह इस बार केवल भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज को "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" का संदेश देने के उद्देश्य से भी कांवड़ यात्रा कर रहा है। उन्होंने कहा कि "बेटी है तो सृष्टि है, बेटी है तो भविष्य है।" समाज को बेटियों का सम्मान करना चाहिए और उन्हें समान अवसर देने चाहिए।
इसके साथ ही शिवभक्त ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा ही अधिकांश अपराधों की जड़ है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज में अपराध स्वतः कम होंगे और परिवार खुशहाल बनेंगे।
शिवभक्त ने विशेष रूप से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था उत्कृष्ट रही।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय एवं सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी सेवा भावना के कारण लाखों शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर पा रहे हैं।
प्रशासन की व्यवस्थाओं से संतुष्ट शिवभक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपनी आगे की यात्रा जारी रखी।


