सीतापुर: तालाब में समाई कार, कार के अंदर मिले तीन युवकों के शव; सिधौली से हुए थे लापता
उप्र के सीतापुर जनपद में हुए एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिधौली से लापता हुए तीन युवकों के शव जनपद के कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास तालाब में डूबी कार के अंदर मिले।
सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में हुए एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिधौली से लापता हुए तीन युवकों के शव जनपद के कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास तालाब में डूबी कार के अंदर मिले।
सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया। मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया, सतीश और अटरिया निवासी रामेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आखिर कार तालाब में कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राकेश चौरसिया अपने साथी सतीश और रामेंद्र के साथ बहराइच गए थे। बताया जा रहा है कि राकेश के बेटे मोहन का बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। बेटे को देखने के लिए तीनों कार से रवाना हुए थे।
लौटते समय तीनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने और मोबाइल पर संपर्क नहीं होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई।
सोमवार सुबह एक फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे में उनकी कार दिखाई देने की बात सामने आई। इसके बाद तलाश तेज की गई। देर रात कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास तालाब में कार मिलने से हड़कंप मच गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया, तो उसके अंदर तीनों के शव मिले। इस दर्दनाक खबर के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीनों की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।



