औरैया: वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार; पुलिस अभिरक्षा में बाल अपचारी
उप्र के औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम बंथरा में 62 वर्षीय वृद्ध महिला भूरी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम बंथरा में 62 वर्षीय वृद्ध महिला भूरी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। थाना बिधूना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और 9,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर में अकेली रहती थीं भूरी देवी
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम बंथरा में एक वृद्ध महिला की उनके घर के अंदर मृत्यु हो गई है।
सूचना मिलने के बाद थाना बिधूना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान भूरी देवी पत्नी अनंगपाल, उम्र लगभग 62 वर्ष, निवासी ग्राम बंथरा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, भूरी देवी गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति अनंगपाल और दोनों बेटे हरियाणा के फरीदाबाद में रहकर निजी नौकरी करते हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
मृतका के पति अनंगपाल की तहरीर के आधार पर थाना बिधूना में मुकदमा अपराध संख्या 345/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 103(1) और 307 में मुकदमा दर्ज किया गया।
चोरी की योजना के दौरान हत्या किए जाने का आरोप
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे ने कथित तौर पर बताया कि दशहरा से पहले उसकी रेनू सेंगर और रजित सिंह के साथ कॉन्फ्रेंस कॉल पर बातचीत हुई थी।
पुलिस का दावा है कि इसी बातचीत के दौरान रेनू सेंगर ने भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण रखे होने की जानकारी दी तथा चोरी की योजना बनाई गई।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात दानवीर सिंह उर्फ गोलू और एक बाल अपचारी कथित तौर पर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने नकदी और आभूषण चोरी कर लिए।
इसी दौरान भूरी देवी के जाग जाने और शोर मचाने की आशंका के चलते आरोपियों ने कथित रूप से तौलिये से उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद संदेह से बचने के उद्देश्य से आरोपी मृतका के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। बाद में चोरी की संपत्ति का बंटवारा करने के लिए आरोपी एकत्र हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बेला-बिधूना रोड से गिरफ्तारी
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, अपराधियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बेला-बिधूना रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद करने की बात कही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे (24 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय वीरी सिंह, निवासी ग्राम नगला अणू, थाना बरहन, जिला आगरा।
2. रेनू सेंगर (लगभग 45 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय आलोक उर्फ गुड्डन, निवासी ग्राम बंथरा, थाना बिधूना, जनपद औरैया। पुलिस के अनुसार, वह मृतका के जेठ के बेटे की बहू है।
3. रजित सिंह (लगभग 25 वर्ष) पुत्र जयसिंह राजावत, निवासी गोहानी, थाना चकरनगर, जिला इटावा। पुलिस के अनुसार, वह दानवीर सिंह उर्फ गोलू की बुआ का बेटा है।
4. एक बाल अपचारी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
बरामद सामान:
- एक जोड़ी चांदी की तोड़िया, वजन लगभग 60 ग्राम।
- 11 अदद चांदी की बिछिया, वजन लगभग 15 ग्राम।
- 9,400 रुपये नकद।
पुलिस का कहना है कि यह सामान घटना के दौरान चोरी की गई संपत्ति से संबंधित है।
संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई
हत्या के मामले का खुलासा करने वाली संयुक्त टीम में थाना बिधूना के प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार जादौन मय हमराह पुलिसकर्मी, स्वाट/सर्विलांस टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी मय टीम तथा थाना बिधूना के उपनिरीक्षक उदयप्रकाश सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



