सीतापुर: बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को दिखाया ठेंगा, एक ही रात में दो गांवों में की चोरी

यूपी के सीतापुर जनपद के मानपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में दो गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

सीतापुर: बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को दिखाया ठेंगा, एक ही रात में दो गांवों में की चोरी
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। यूपी के सीतापुर जनपद के मानपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में दो गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

दोनों घटनाओं में लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य सामान चोरी होने का दावा किया गया है। बताते चलें सीतापुर जनपद के मानपुर थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दो अलग-अलग गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी।

पहली घटना मानपुर थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित तैयब सराय गांव की है। पीड़ित अजय कुमार के अनुसार चोर घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, एंड्रॉयड मोबाइल फोन सहित लगभग दो लाख रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए।

वहीं दूसरी घटना सरैया सानी पुलिस चौकी से करीब दो किलोमीटर दूर माहसिंहपुर गांव में हुई। पीड़ित दयावंत के मुताबिक चोर नकदी और जेवरात समेत करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए।

सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही दोनों गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब चार घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश देखने को मिला। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।