हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —
हाथरस / जनमत न्यूज। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग का शव उनके ही घर में चारपाई पर लहूलुहान अवस्था में मिला। मृतक की पहचान जगदीश चंद्र शर्मा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सुबह जब परिजन बुजुर्ग को देखने पहुंचे, तो वह खून से लथपथ चारपाई पर पड़े मिले। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने घटना को हत्या मानते हुए पुलिस से जल्द खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
हाथरस पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को हर पहलू से जांच के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।