चन्दौली में डीजल चोरी की घटना का पर्दाफाश, टैंकर चालक ही निकला मास्टरमाइंड; साथी संग गिरफ्तार

उप्र के चन्दौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव में शनिवार  रात्रि  क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने डीजल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया।

चन्दौली में डीजल चोरी की घटना का पर्दाफाश, टैंकर चालक ही निकला मास्टरमाइंड; साथी संग गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव में शनिवार  रात्रि  क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने डीजल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया।

पुलिस ने मौके से टैंकर चालक और उसके एक सहयोगी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड टैंकर का चालक ही निकला। पुलिस के अनुसार, संबंधित टैंकर अलीनगर डिपो से लगभग 12 हजार लीटर डीजल लेकर मऊ की ओर जा रहा था।

रास्ते में ही सुनियोजित तरीके से डीजल निकालने का काम शुरू हो गया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेमा गांव में छापा मारा। वहां डीजल चोरी की प्रक्रिया जारी थी।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौजूद थी। टैंकर को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में चल रहे डीजल चोरी के संगठित नेटवर्क को एक बार फिर उजागर किया है।

सूत्रों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले भी इसी तरह की कार्रवाई में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें एक हेड कांस्टेबल पर भी मुकदमा दर्ज हुआ था और लगभग 1000 लीटर डीजल बरामद किया गया था।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पीछे के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और जल्द ही बड़े खुलासे की उम्मीद है।