तेज रफ्तार कार विद्युत पोल से टकराई, हादसे का सीसीटीवी वीडियो वायरल
हादसा इतना जोरदार था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हालांकि कार के एयर बैग समय पर खुल जाने से दोनों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार सांडी कस्बे के मोहल्ला बड़ा चौराहा निवासी रमन वर्मा अपनी पत्नी प्रियंका सोनी के साथ कानपुर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मल्लावां कस्बे के पास उनकी कार तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई।
हादसा इतना जोरदार था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हालांकि कार के एयर बैग समय पर खुल जाने से दोनों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं घटना का लाइव सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Janmat News 
