रामपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, 5 बकरियां और 15 मुर्गियां नोचीं, किसान को 50 हजार का नुकसान

रात के दौरान आवारा कुत्तों का झुंड किसी तरह फार्म के अंदर घुस गया और बकरियों व मुर्गियों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने 5 बकरियों को मार डाला, 4 को बुरी तरह घायल कर दिया तथा 15 मुर्गियों को भी नोच डाला।

रामपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, 5 बकरियां और 15 मुर्गियां नोचीं, किसान को 50 हजार का नुकसान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट —

रामपुर/जनमत न्यूज। रामपुर नगर के मोहल्ला नालापार अफरीदियान में आवारा कुत्तों के आतंक से पशुपालकों में दहशत का माहौल है। बीती रात कुत्तों के झुंड ने एक पशुपालक के फार्म में घुसकर 5 बकरियों और 15 मुर्गियों को मार डाला, जबकि 4 बकरियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला नालापार अफरीदियान निवासी शकील खान बकरी पालन और मुर्गी पालन का कारोबार करते हैं। उनकी मुर्गे के मीट की दुकान भी है। बताया गया कि गुरुवार रात शकील खान अपनी बकरियों को मुर्गी फार्म में बंद कर सो गए थे।

रात के दौरान आवारा कुत्तों का झुंड किसी तरह फार्म के अंदर घुस गया और बकरियों व मुर्गियों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने 5 बकरियों को मार डाला, 4 को बुरी तरह घायल कर दिया तथा 15 मुर्गियों को भी नोच डाला।

सुबह जब शकील खान फार्म पर पहुंचे तो देखा कि आवारा कुत्ते मृत बकरियों को खा रहे थे। उन्होंने कुत्तों को भगाने की कोशिश की तो कुत्तों ने उन पर भी हमला कर दिया। शकील खान ने किसी तरह अपनी जान बचाई और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख कुत्ते वहां से भाग निकले।

पीड़ित शकील खान ने बताया कि आवारा कुत्ते आए दिन लोगों और पशुओं पर हमला कर रहे हैं। इस घटना से उन्हें करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने रामपुर प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने और हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।