मुजफ्फरनगर: विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

मुजफ्फरनगर: विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता शहराना पत्नी जुल्फान, निवासी ग्राम भैंसरेहड़ी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2020 में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति गुलफाम, ससुर अनवार और अन्य ससुरालजन उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। महिला का कहना है कि उससे कार खरीदने के लिए करीब 5 लाख रुपये की मांग की जाती थी और विरोध करने पर उसे मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया जाता था।

प्रार्थना पत्र में उल्लेख है कि 29 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट की और गले में रस्सी डालकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उसकी जान बचाई।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसके पति ने फोन पर तीन बार तलाकबोलकर रिश्ता खत्म करने की बात कही, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई।

घटना के बाद पीड़िता थाना छपार पहुंची, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि, उसका आरोप है कि पुलिस ने अभी तक उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।