औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। जनपद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए गौवंश की देखभाल और गौशालाओं में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर सदर उपजिलाधिकारी अजय आनन्द वर्मा ने विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सदर उपजिलाधिकारी ने जनपद के मिर्जापुर, दयालपुर तथा आवास विकास कॉलोनी स्थित गौशालाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद गौवंश के लिए चारा, पानी और छाया की व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सदर उपजिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान गौशालाओं में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल, हरा चारा तथा छायादार स्थान की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गौशाला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और समय-समय पर पशुओं की स्वास्थ्य जांच कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौवंश की स्थिति, चारा भंडारण, पानी की टंकियों तथा गौशाला परिसर की स्वच्छता का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण से गौशालाओं में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है। साथ ही अधिकारियों ने निर्देश दिया कि गौशालाओं में नियमित रूप से निगरानी रखी जाए ताकि गर्मी के मौसम में गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी न हो।