होमवर्क न करने पर शिक्षिका की बर्बरता, दो मासूम छात्रों की पिटाई से फूटा आक्रोश

निजी विद्यालय में शिक्षिका की कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि होमवर्क न करने पर शिक्षिका ने दो मासूम छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे बच्चों के शरीर पर चोट के निशान पड़ गए।

होमवर्क न करने पर शिक्षिका की बर्बरता, दो मासूम छात्रों की पिटाई से फूटा आक्रोश
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जिले में एक निजी विद्यालय में शिक्षिका की कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि होमवर्क न करने पर शिक्षिका ने दो मासूम छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे बच्चों के शरीर पर चोट के निशान पड़ गए। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित टारगेट वाई-फाई स्मार्ट स्कूल का बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि मामूली बात पर बच्चों को शारीरिक दंड दिया गया, जो न केवल अमानवीय है बल्कि शिक्षा के अधिकार और बाल संरक्षण नियमों का भी उल्लंघन है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे और प्रशासन से शिकायत की। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है।

इसी के साथ एक और गंभीर आरोप सामने आया है कि विद्यालय द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने के लिए मानक विहीन वाहन का संचालन किया जा रहा है, जिससे छात्रों की जान जोखिम में पड़ सकती है। परिजनों ने परिवहन व्यवस्था की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है। प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।