BMC का मेयर मराठी हिंदू ही होगा; CM फडणवीस का ऐलान, पठान ने की थी बुर्के वाली की बात

15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनावों से ठीक पहले मुंबई की सियासत गरमा गई है।

BMC का मेयर मराठी हिंदू ही होगा; CM फडणवीस का ऐलान, पठान ने की थी बुर्के वाली की बात
Published By- Diwaker Mishra

मुंबई/जनमत न्यूज़। 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनावों से ठीक पहले मुंबई की सियासत गरमा गई है। 'मुंबई मंथन' कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा बयान देते हुए स्पष्ट किया है कि देश की सबसे अमीर महानगरपालिका का अगला मेयर एक मराठी हिंदू ही होगा।

फडणवीस का यह बयान विपक्षी दलों और विशेषकर AIMIM नेता वारिस पठान के दावों के जवाब में आया है। दरअसल, हाल ही में AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा था कि मुंबई की मेयर की कुर्सी पर "बुर्का पहनने वाली एक नमाजी मुस्लिम महिला" बैठ सकती है। इस पर पलटवार करते हुए फडणवीस ने यह जवाब दिया है।

फडणवीस ने कहा, "जब विपक्षी नेता ऐसे बयान देते हैं, तो बाकी तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दल चुप क्यों रहते हैं? मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मुंबई का अगला मेयर निश्चित रूप से एक मराठी हिंदू ही होगा।" जब उनसे सीधा सवाल पूछा गया कि क्या यह पद मराठी हिंदुओं के लिए ही आरक्षित माना जाए, तो मुख्यमंत्री ने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया, "हां, बिल्कुल।"

मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस दौरान अपनी पार्टी की विचारधारा को भी स्पष्ट किया। उन्होंने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया कि बीजेपी वोटरों को 'मराठी' और 'गैर-मराठी' के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है।

फडणवीस ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी विकास के नाम पर वोट मांग रही है और मुंबई के हर नागरिक का हित उनके लिए सर्वोपरि है।

बता दें कि मुंबई में आगामी 15 जनवरी को मतदान होना है, जिसमें इस बार मुकाबला काफी रोचक है। एक तरफ महायुति (भाजपा-शिंदे शिवसेना) अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, वहीं दूसरी तरफ ठाकरे बंधु (उद्धव और राज) भी 'मराठी मानुस' के मुद्दे पर एकजुट नजर आ रहे हैं। ऐसे में फडणवीस का 'मराठी हिंदू' कार्ड मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है।