हरदोई में युवती हत्याकांड का खुलासा, आरोपी फुरकान पुलिस मुठभेड़ में घायल, एक सिपाही भी जख्मी

माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती संडीला में नौकरी देखने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रात में चिंता जताई और सुबह उसकी तलाश शुरू की गई।

हरदोई में युवती हत्याकांड का खुलासा, आरोपी फुरकान पुलिस मुठभेड़ में घायल, एक सिपाही भी जख्मी
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद के माधौगंज थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के आरोपी फुरकान से पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान फुरकान के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती संडीला में नौकरी देखने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रात में चिंता जताई और सुबह उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान माधौगंज थाना क्षेत्र के गुलाब नगर डकोली गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर पंचायत भवन के पास बने कूड़ाघर के निकट झाड़ियों में युवती का शव बरामद हुआ। युवती का गला उसके दुपट्टे से बंधा हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही माधौगंज पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश के साथ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया, वहीं मामले के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि हत्या की वारदात फुरकान पुत्र छोटे, निवासी डकोली थाना माधौगंज द्वारा अंजाम दी गई है। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फुरकान गंगा एक्सप्रेसवे की ओर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इस मुठभेड़ में सिपाही ज्ञानप्रकाश भी घायल हो गए।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है। इसके अलावा मृतका का मोबाइल फोन भी फुरकान के कब्जे से मिला है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या का कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी गहन जांच कर रही है।