चन्दौली: सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल की हमलावरों ने घर में घुसकर की पिटाई, अस्पताल में भर्ती

उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में गुरुवार को मुगलसराय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है।

चन्दौली: सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल की हमलावरों ने घर में घुसकर की पिटाई, अस्पताल में भर्ती
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में गुरुवार को मुगलसराय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है।

इस घटना में गार्गी पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता प्यारे लाल के परिजनों ने जबरन उनके घर में प्रवेश किया।

उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान घर के अंदर काफी देर तक हंगामा होता रहा और बीच-बचाव करने आए स्थानीय लोगों को भी धमकियां दी गईं। घायल गार्गी पटेल ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अपील की।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। जलीलपुर चौकी इंचार्ज अजय यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल, मुगलसराय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।