वैभव सूर्यवंशी के लिए RR ने नहीं, इस टीम ने IPL ऑक्शन में सबसे पहले लगाई थी बोली
IPL 2025 का मेगा ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में हुआ था। उस मेगा ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट हुए 574 खिलाड़ियों की लिस्ट में 491वें नंबर पर 13 साल के वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल था।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। IPL 2025 का मेगा ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में हुआ था। उस मेगा ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट हुए 574 खिलाड़ियों की लिस्ट में 491वें नंबर पर 13 साल के वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल था।
ऑक्शन से पहले इस नाम की कहीं चर्चा नहीं थी। ऑक्शन के दूसरे दिन एक्सलरेटेड ऑक्शन में उनका नाम शामिल कराया गया। ऑक्शन में उनका नाम आ गया और फिर क्या इतिहास रच गया।
जिस खिलाड़ी की उम्र आईपीएल की उम्र से भी कम हो, उसको ऑक्शन में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम मिल गई। दो टीमों के बीच इस नन्हें से बालक के लिए बिडिंग वॉर देखने को मिला।
16 राउंड तक बोली लगी और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने इस खिलाड़ी को खरीद लिया। हालांकि, बोली की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी के लिए राजस्थान रॉयल्स ने नहीं की थी। दिल्ली कैपिटल्स ने पहला पैडल वैभव के लिए उठाया था।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को 30 लाख रुपये की बेस प्राइस में ऑक्शन में शामिल किया गया था। वे बिहार क्रिकेट एसोसिएशन यानी बीसीए से आते हैं। तब तक वे प्रोफेशनल क्रिकेट में खेल चुके थे।
इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए भले ही नियम 15 साल से ज्यादा के हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट या आईपीएल में खेलने के लिए ऐसे कुछ नियम नहीं थे। इसका फायदा उनको मिला और उनको ऑक्शन में पिक कर लिया गया।
राजस्थान रॉयल्स ने एक करोड़ 10 लाख रुपये की बोली लगाकर वैभव सूर्यवंशी को खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स ने एक करोड़ की बोली लगाने के बाद आगे पैडल नहीं उठाया था।
वे आईपीएल ऑक्शन में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे। ये ऑक्शन नवंबर 2024 में हुआ था और आईपीएल 2025 के दौरान वे 14 साल के हो गए थे। 19 अप्रैल 2025 को पहली बार उनको आईपीएल में मौका मिला था।
वैभव सूर्यवंशी ने पहले मैच में 20 गेंदों में 34 रन जड़कर अपनी छाप छोड़ी थी। छक्के से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत उन्होंने की थी। इसके बाद जरूर 12 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तीसरे मैच में 38 गेंदों में 101 रन बनाकर वे आईपीएल के इतिहास के सबसे युवा शतकवीर बन गए।
इसके बाद अगले मैच में खाता नहीं खुला, पांचवें मैच में 4 रन बनाए, लेकिन छठे मैच 40 और सातवें मैच में 57 रन जड़कर उन्होंने दिखा दिया था कि वे बच्चे हैं, लेकिन अच्छे-अच्छों के परखच्चे उड़ा सकते हैं।

Janmat News 
