अमेठी में तीन चोरियों का पर्दाफाश, सात अंतर्जनपदीय चोर गिरफ्तार; नगदी व चोरी का माल बरामद
उप्र के अमेठी जिले के थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन चोरियों का खुलासा किया है।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जिले के थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन चोरियों का खुलासा किया है।
पुलिस ने सात अंतर्जनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये नकद, एक पिकअप वाहन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शनिवार को थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पिकअप सवार सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवपूजन निषाद, सुशील निषाद, प्रेम लाल निषाद,अनिल निषाद, विश्राम निषाद उर्फ किन्ने, कौशलदीप निषाद और राजेश निषाद शामिल हैं।सभी आरोपी सुल्तानपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान 80 हजार रुपये नकद बरामद किए। वहीं, पिकअप वाहन की तलाशी में चोरी के 22 बंडल तार और प्लास, तार कटर, आरी ब्लेड, पेचकस, छेनी व रिंच समेत चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले।
रेकी के बाद नेवादा सोलर प्लांट में की चोरी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि शिवपूजन निषाद की बहन का घर थाना क्षेत्र के ग्राम भूली नगर में है। वह दो-तीन महीने पहले वहां आया था और इसी दौरान उसने नेवादा सोलर प्लांट को देखा।
इसके बाद उसने अपने साथियों को प्लांट के बारे में जानकारी दी। आरोपियों ने करीब एक महीने पहले प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और रास्तों की रेकी करने के बाद चोरी की योजना बनाई। आरोप है कि 29 सितंबर की रात आरोपियों ने पिकअप वाहन से सोलर प्लांट के तार काटकर चोरी कर लिए।
इसके बाद तारों का प्लास्टिक जलाकर तांबा निकाला और उसे घूम-फिरकर कबाड़ खरीदने वाले एक कबाड़ी को 80 हजार रुपये में बेच दिया। दो अक्टूबर को आरोपियों ने दोबारा सोलर प्लांट से तार चोरी किए और उन्हें खेत में छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को आरोपी फिर चोरी करने की नीयत से एकत्र हुए थे। पुलिस की हलचल देखकर उन्होंने चोरी की योजना छोड़ दी और पहले से खेत में छिपाए गए तार लेकर भागने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जामो में ट्रांसफार्मर से भी चुराए थे तार
पूछताछ में मार्च महीने में थाना जामो क्षेत्र के जामो-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार चोरी करने की घटना में भी आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, चोरी के दौरान ट्रांसफार्मर का तेल मौके पर ही गिर गया था। आरोपियों ने चोरी किए गए तारों को 27 हजार रुपये में कबाड़ी को बेच दिया था।
पुलिस ने बताया कि संबंधित घटनाओं में थानों पर मुकदमे दर्ज हैं और आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।



