बरेली: मौलाना तौकीर पर कसेगा कानूनी शिकंजा, दंगा प्रकरण के 94 आरोपियों पर दर्ज मुकदमों में चार्जशीट दाखिल

उप्र के बरेली जिले में पिछले वर्ष 26 सितंबर को शहर में हुए सांप्रदायिक बवाल और हिंसा के मामले में मुख्य आरोपी IMC प्रमुख मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना तेज कर दिया है।

बरेली: मौलाना तौकीर पर कसेगा कानूनी शिकंजा, दंगा प्रकरण के 94 आरोपियों पर दर्ज मुकदमों में चार्जशीट दाखिल
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जिले में पिछले वर्ष 26 सितंबर को शहर में हुए सांप्रदायिक बवाल और हिंसा के मामले में मुख्य आरोपी IMC प्रमुख मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना तेज कर दिया है।

पुलिस द्वारा दर्ज सभी मुकदमों में चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद अब मॉनीटरिंग सेल कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की तैयारी कर रही है। बताया गया कि 26 सितंबर को आई लव मुहम्मद विवाद की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी।

आरोप है कि मौलाना तौकीर रजा ने जुमे की नमाज के बाद लोगों से इस्लामिया मैदान में जुटकर विरोध प्रदर्शन करने की अपील की थी। इसके बाद हजारों की भीड़ सड़कों पर उतर आई और कई स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया।

बवाल के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव, फायरिंग और पेट्रोल बम से हमला किया। कई दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बहेड़ी क्षेत्र से अवैध असलहों की खेप मंगवाई गई थी। इन्हीं हथियारों से पुलिस पर फायरिंग की गई थी। श्यामगंज इलाके में स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि एसएसपी अनुराग आर्य को स्वयं मोर्चा संभालते हुए लाठी फटकार कर उपद्रवियों को पीछे हटाना पड़ा था।

घटना के बाद शहर के पांच थानों में कुल दस मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें 125 लोगों को नामजद किया गया, जबकि करीब तीन हजार अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया।

पुलिस अब तक मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मौलाना फिलहाल फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद है। कुछ आरोपियों को जमानत मिल चुकी है जबकि कई अभी भी जेल में निरुद्ध हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ दर्ज सभी मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अब कोर्ट में ट्रायल के दौरान मॉनीटरिंग सेल लगातार निगरानी रखेगी ताकि मुकदमों की प्रभावी पैरवी हो सके और दोषियों को सजा दिलाई जा सके।