तेज रफ्तार कार पुलिया से टकराई, तीन युवकों की मौत
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर भदोखर थाना क्षेत्र के मोहलिया गांव के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराया।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर भदोखर थाना क्षेत्र के मोहलिया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। वाहन में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान संदीप सिंह पुत्र तेजभान सिंह निवासी प्रहरी, धनंजय सिंह पुत्र अशोक सिंह निवासी दौलतपुर तथा आशुतोष मौर्या पुत्र चंद्रभान निवासी अलीगंज थाना जगतपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक आपस में परिचित थे और किसी कार्य से जा रहे थे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Janmat News 
