हरदोई में दर्दनाक हादसा, चारा मशीन की बेल्ट में फंसी छात्रा; सिर की खाल समेत अलग हुई चोटी

उप्र के हरदोई जनपद के अरवल थाना क्षेत्र के शेखापुर नगरिया गांव में चारा काटते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। चारा काटने वाली मशीन के इंजन की बेल्ट में फंसकर 20 वर्षीय बीएससी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।

हरदोई में दर्दनाक हादसा, चारा मशीन की बेल्ट में फंसी छात्रा; सिर की खाल समेत अलग हुई चोटी
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के अरवल थाना क्षेत्र के शेखापुर नगरिया गांव में चारा काटते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। चारा काटने वाली मशीन के इंजन की बेल्ट में फंसकर 20 वर्षीय बीएससी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसके सिर की खाल समेत चोटी अलग हो गई। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, किसान रामवीर की सबसे छोटी बेटी अंजू सांडी क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह घर में चारा काटने के लिए मशीन चालू कर रही थी। इसी दौरान इंजन की बेल्ट में उसका दुपट्टा फंस गया और वह मशीन की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इस दौरान उसका भाई हिमांशु सिर की खाल समेत अलग हुई चोटी भी पोटली में लेकर अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों को दिखाई।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंजू की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मां उर्मिला देवी भी अस्पताल पहुंचीं। बेटी की हालत देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।