ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार पर हुआ राष्ट्र कल्याण सुंदरकांड पाठ, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पूजन और आरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। जनपद के पूरा बाजार क्षेत्र स्थित गंगोली चौराहा हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार के अवसर पर राष्ट्र कल्याण सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में हनुमान भक्त शामिल हुए और सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ कर देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
पूजन और आरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा शाम 4 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक चलता रहा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद जायसवाल ने सभी सनातन धर्मावलंबियों को ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण हुए हैं और उनके नेतृत्व में देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा समाजहित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ देशवासियों को मिल रहा है।
विनोद जायसवाल ने कहा कि हनुमान जी से प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बना रहे, जिससे देश शांति, समृद्धि और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकास की गंगा बहाई है तथा अयोध्या को सजाने और संवारने का कार्य डबल इंजन सरकार ने किया है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल छह माह बढ़ाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी और कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर हैं।

Janmat News 
