मथुरा के गांव हथोड़ा की नगरिया में अज्ञात बदमाशों ने महिला को मारी गोली, दहशत का माहौल
सीओ महावन संजीव राय ने बताया कि “मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।”
मथुरा/जनमत न्यूज। बलदेव थाना क्षेत्र के गांव हथोड़ा की नगरिया में बीती रात एक महिला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना रात लगभग 11 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश के घर पर किसी ने पत्थर फेंका। आवाज सुनकर उनकी पत्नी पूजा दरवाजे पर देखने के लिए बाहर निकलीं। बाहर कोई न मिलने पर जैसे ही वह घर के अंदर लौट रही थीं, पीछे से अज्ञात बदमाश ने गोली चला दी। गोली पूजा की जांघ में लगी और वह मौके पर गिर पड़ीं।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने घायल महिला को आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल महिला के देवर मानवेंद्र ने बताया कि दिनेश ने तीन साल पहले दूसरी शादी कर ली थी। उनके दो बेटे हैं और वह गुड़गांव में एक कंपनी में ड्राइवर की नौकरी करते हैं, जबकि पूजा गांव में अकेली रहती थीं।
घटना की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई है। सीओ महावन संजीव राय ने बताया कि “मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।”
गांव में इस गोलीकांड से दहशत का माहौल है। पुलिस लगातार जांच-पड़ताल कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Janmat News 
