वाटर पार्क में गुटखा खाने को लेकर बवाल, दो पक्षों में जमकर मारपीट
गुर्जर गांव के कुछ युवक घूमने और मनोरंजन के उद्देश्य से आरएल वाटर पार्क पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ गुटखा खाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के माझिलगांव स्थित आरएल वाटर पार्क में शुक्रवार को गुटखा खाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में गुर्जर गांव से आए कुछ युवक घायल हो गए, जिससे वाटर पार्क परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गुर्जर गांव के कुछ युवक घूमने और मनोरंजन के उद्देश्य से आरएल वाटर पार्क पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ गुटखा खाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान एक युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसके परिजनों में आक्रोश फैल गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित पक्ष ने कुंडा कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।

Janmat News 
