रायबरेली में महिला से छेड़छाड़: कार में लिफ्ट देकर नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप
यात्रा के दौरान चालक ने महिला को पेय पदार्थ के रूप में कुछ ऐसा पिला दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेसुध हो गई। इस बीच चालक उसे जगह-जगह घुमाता रहा।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। गुरूबक्शगंज थाना क्षेत्र के मालिक मऊ कस्बे में एक महिला के साथ कार चालक द्वारा छेड़छाड़ और नशीला पदार्थ पिलाने का गंभीर आरोप लगा है। बछरावां थाना क्षेत्र की रहने वाली यह महिला शहर जाने के लिए रास्ते में एक कार में सवार हुई थी।
आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक ने महिला को पेय पदार्थ के रूप में कुछ ऐसा पिला दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेसुध हो गई। इस बीच चालक उसे जगह-जगह घुमाता रहा। मामला तब सामने आया जब चालक मलिक मऊ चौबारा स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान पर शराब लेने रुका। इसी दौरान होश में आई महिला ने हिम्मत जुटाकर कार का दरवाज़ा खोला और सड़क पर उतरकर मदद की गुहार लगाई।
बताया गया कि आरोपी चालक लौटकर आया और महिला को धमकाते हुए दोबारा गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने इसका विरोध किया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। जब उन्होंने हस्तक्षेप किया तो नशे में धुत चालक ने उनसे भी अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची गुरूबक्शगंज थाने की पुलिस ने वाहन की पहचान कर आरोपी चालक को मौके से हिरासत में लिया और थाने ले आई। पुलिस के अनुसार, महिला के बयान के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Janmat News 
