शाहजहांपुर के शेखर हॉस्पिटल में बुखार पीड़ित महिला की मौत, परिजनों ने लगाया जबरन ऑपरेशन का आरोप

उप्र के शाहजहांपुर जनपद के शेखर हॉस्पिटल में सामान्य बुखार का इलाज कराने आई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शाहजहांपुर के शेखर हॉस्पिटल में बुखार पीड़ित महिला की मौत, परिजनों ने लगाया जबरन ऑपरेशन का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के शेखर हॉस्पिटल में सामान्य बुखार का इलाज कराने आई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही और बिना सहमति के ऑपरेशन करने का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजेश यादव मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला मोहम्मद जई निवासी नेहा कन्नौजिया को बुखार की शिकायत होने पर परिजन कल शाम शेखर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर शेखर ने महिला को भर्ती तो बुखार के इलाज के नाम पर किया, लेकिन परिजनों को बिना कोई जानकारी दिए उसका ऑपरेशन कर दिया।

रात करीब 12 बजे जब महिला की हालत अचानक बिगड़ने लगी, तो अस्पताल के डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए और परिजनों से मरीज को तुरंत किसी दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा। इसी दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

परिजनों का यह भी आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल कर्मियों ने उन्हें लंबे समय तक मृतका से मिलने नहीं दिया और पूछने पर उनके साथ धक्का-मुक्की की। बाद में जब परिजनों ने शव देखा, तो उनके होश उड़ गए। मृतका के मुंह और कान से खून बह रहा था और शरीर पर चार जगह चीरे के ताजे निशान मौजूद थे।

घटना से भड़के परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजेश यादव अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर पूरी बात समझी।

उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कदम उठाने की मांग की।

परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। सबसे खास बात यह है हॉस्पिटल स्टाफ ने परिजनों के साथ पुलिस के सामने मारपीट की